मध्यप्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की बारिश, तापमान में कमी आयी

भोपाल, 26 मई (वार्ता) देश में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच मध्यप्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियां जारी हैं और इसके चलते अनेक स्थानों पर बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गयी।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं कहीं और शहडोल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हुयी। शेष संभागों के जिलो में मौसम शुष्क रहा। मौसम में आए बदलाव के चलते राज्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया। इसके अलावा शेष क्षेत्रों में भी दिन और रात्रि के तापमान में कमी दर्ज की गयी है।

स्थानीय मौसम केंद्र ने बताया कि राज्य में अभी जो भी बारिश या हवाएं चलने का क्रम है, वह मानसून पूर्व की गतिविधियों के तहत हो रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून राज्य में सिवनी जिले की ओर से प्रवेश करता है, तो उसकी सामान्य तिथि 18 जून के आसपास रहती है। इसी तरह यदि यह खंडवा जिले से राज्य में आता है, इसकी सामान्य तिथि 16 जून के लगभग है। मानसून केरल में शनिवार को निर्धारित समय से पहले आ गया है और देश के अन्य हिस्सों में फैल रहा है। इसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि मानसून राज्य में भी कुछ समय पहले आ सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान सौंसर में 78.3, चौराई 51.2, बाजाग 32.0. पांढुर्णा 22.5, मिटयारी 20.0, मेहदवानी 14.0, चित्रंगी 16.0, मंडला 11.1, चांद 10.0, जैतपुर 10.0, जैतहरी 9.0, मलाजखंड 8.2, नौरोजाबाद 6.8, बैतूल 4.4, सोहागपुर-शहडोल 3.0, जुन्नारदेव 2.6, छिंदवाड़ा 2.4, बेगमगंज 2.2, पाली 2.2, अमरपुर 2.0, खकनार

1.8, करेली 1.8, घुघरी 1.5 और बिछुआ में 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। मंडला और सागर जिले में 30 से लेकर 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

आगामी 24 घंटों के दौरान नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी,छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं कहीं गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।

Next Post

युगों तक याद किया जाता है, कर्मशील और महान व्यक्तित्व 

Mon May 26 , 2025
इटारसी। जीवनकाल में जन्मदिन मनाना अलग बात है पर आपके न रहने पर लोग याद करें ये बड़ी बात है। महान और कर्मशील व्यक्तित्व की जयंती मनती है। ऐसे ही व्यक्तित्व बाबूजी भी थे।उन्होंने सांसद रहते हुए अपनी जनसंपर्क निधि के एक एक रुपए का सदुपयोग किया। विकास के पर्याय […]

You May Like