
छतरपुर। मातगुवां थाना क्षेत्र के चौंका गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार रात करीब 9 बजे कुलदीप शर्मा (उम्र 40 वर्ष) को उनके दो सगे छोटे भाई अरुण शर्मा और संदीप शर्मा ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। घायल अवस्था में कुलदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित कुलदीप ने रविवार सुबह पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उसके दोनों भाई उसे जबरन उसके चौंका स्थित घर से बेदखल करना चाहते हैं। कुलदीप ने बताया कि यह मकान उसने वर्षों की मेहनत और कमाई से बनवाया है, जबकि वह पहले गुलगंज स्थित पैतृक घर छोड़ चुका है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार भाइयों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जो अब मारपीट तक पहुंच गया।
