सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मे युवक की हत्या के आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी अविनाश उर्फ आकाश ठाकुर निवासी भगत सिंह वार्ड सागर द्वारा सूचना दी गई कि उसका छोटा भाई विकास ठाकुर (उम्र लगभग 30 वर्ष) होली खेलने के बाद घर नहीं लौटा। तलाश के दौरान रहली-जबलपुर रोड स्थित मुहली के जंगल क्षेत्र में उसका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जबकि पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ विकास ठाकुर का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक के परिचितों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि मृतक का एक युवती से पूर्व में प्रेम संबंध था। बाद में उक्त युवती का संबंध अजय यादव निवासी ग्राम बांसा, थाना जैसीनगर से हो गया था। मृतक लगातार युवती पर विवाह के लिए दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर युवती ने यह बात अजय यादव को बताई। अजय यादव ने अपने साथी लल्लू धानक के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से विकास ठाकुर को मिलने के बहाने मिहली के जंगल क्षेत्र में बुलाया और वहाँ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद अजय यादव एवं लल्लू धानक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किये गये है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
