मेंडिस की तूफानी पारी से श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को दी शिकस्त

हरारे, (वार्ता) कामिंडु मेंडिस की नाबाद 41 रन की तूफानी पारी से श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को पहले टी-20 मुकाबले में बुधवार को पांच गेंद शेष रहते चार विकेट से शिकस्त दे दी।

जिम्बाब्वे ने ब्रायन बेनेट (81) और कप्तान सिकंदर रजा (28) के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन श्रीलंका ने 191 ओवर में छह विकेट पर 177 रन बनाकर जीत अपने नाम की और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को पथुम निसंका और कुसल मेंडिस ने 96 रन की शानदार शुरुआत दी। निसंका ने 55 और मेंडिस ने 38 रन बनाये। लेकिन इसके बाद श्रीलंका ने विकेट गंवाए और 17 ओवर में उसका स्कोर छह विकेट पर 142 रन हो गया।

कामिंडु मेंडिस ने मात्र 16 गेंदों में चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 41 रन ठोके और श्रीलंका को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। दुशान हेमंता ने नौ गेंदों में नाबाद 14 रन बनाकर कामिंडु मेंडिस का अच्छा साथ दिया।

इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर कर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में तड़िवनाशे मारुमानी (सात) का विकेट गंवा दिया। उन्हें दुष्मंता चमीरा ने आउट किया। छठे ओवर में महीश तीक्षणा ने शॉन विलियम्स (14) को आउट कर श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान सिकंदर रजा ने सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े।

13वें ओवर में दुशान हेमंता ने सिकंदर रजा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। सिकंदर रजा ने 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से (28) रन बनाये। रायन बर्ल 15 गेंदों में (17) , ताशिंगा मुसेकिवा 11 रन बनाकर आउट हुये। जिम्बाब्वे का छठा विकेट 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रायन बेनेट के रूप में गिरा। उन्हें चमीरा ने बोल्ड आउट किया। बेनेट ने 57 गेंदों में 12 चौको की मदद से (81) रन बनाये। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका की ओर से दुष्मंता चमीरा ने चार ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट लिये। नुवान तुषारा, महीश तीक्षणा और दुशान हेमंता ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

BCCI में दो कुर्सी खाली, नहीं मिल रहा सही दावेदार

Thu Sep 4 , 2025
बीसीसीआई की आगामी एजीएम में अध्यक्ष और आईपीएल चेयरमैन सहित कई पदों पर चुनाव होंगे। रोजर बिन्नी दोबारा अध्यक्ष नहीं बन सकेंगे, नए नामों को लेकर चर्चाएं जारी है। बीसीसीआई की सितंबर के आखिरी में होने वाली एजीएम में कई शीर्ष पदों पर चुनाव होंगे। जिसमें बीसीसीआई का अध्यक्ष पद […]

You May Like