इंदौर: पूरा देश 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है और इंदौर भी देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है. सुबह से ही शहर में बच्चों से लेकर बड़ों तक में राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह है.बाजारों में तिरंगे झंडों के साथ तिरंगे वाली टोपी, गमछा, टी-शर्ट, हेयरबैंड और रिस्टबैंड की मांग बनी हुई है. लोग घरों को सजाने के साथ खुद और बच्चों को भी तिरंगे के रंग में रंगकर आजादी का जश्न मना रहे हैं. तिरंगे से जुड़े सामान की बढ़ी मांग से दुकानदार भी उत्साहित हैं. दुकानदार मानस पाटनी ने बताया कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में कारोबार बेहतर रहा है. लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है और बच्चे खास तौर पर तिरंगे वाली वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं.
तिरंगा देश की शान..
अपने बच्चों के लिए तिरंगा खरीदने पहुंचे गोपाल शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. हर भारतीय को इसके सम्मान और गौरव को बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह हर साल परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस उत्साह से मनाते हैं.
ओम व्यास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है. परिवार में मिठाई लाकर और पड़ोसियों के साथ खुशियां बांटकर वे इस राष्ट्रीय पर्व को मनाते हैं.
शहर के बाजारों में तिरंगे की बढ़ती मांग और लोगों के उत्साह ने माहौल को खास बना दिया है. आज इंदौर की गलियों से लेकर बाजारों तक देशभक्ति का रंग दिखाई दे रहा है और हर हाथ में तिरंगा, हर चेहरे पर आजादी के जश्न की खुशी नजर आ रही है.
