दिलीप कुमार की और उनसे 22 साल छोटी सायरा बानो की प्रेम कहानी बेहद खास रही। 12 साल की उम्र से सायरा दिलीप साहब को अपना जीवनसाथी मान बैठी थीं।
बॉलीवुड के ‘ट्रेजेडी किंग’ दिलीप कुमार अपने अभिनय के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी की मोहब्बत भरी कहानी के लिए भी हमेशा याद किए जाते हैं। दिलीप कुमार का जन्म 11 दिसंबर 1922 को पेशावर (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। उन्होंने अपनी अदाकारी के दम पर न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई। दिलीप साहब के जन्मदिन के मौके पर उनकी और सायरा बानो की प्रेम कहानी फिर एक बार सुर्खियों में है।
दिलीप कुमार का असली नाम यूसुफ़ खान था। उन्होंने अपने लंबे करियर में भले ही सिर्फ 54 फिल्में की हों, लेकिन हिंदी सिनेमा में उनका कद आज भी सबसे ऊंचा है। दिलीप साहब पर देश-विदेश की अनगिनत लड़कियां फ़िदा थीं, लेकिन उनका दिल जिस पर आया, वह थीं सायरा बानो, उनसे 22 साल छोटी, बेहद खूबसूरत और दिलीप साहब पर दिल हार चुकी।
