
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में किसानों ने सोमवार सुबह चक्का जाम कर दिया। बीते कई दिनों से खाद उपलब्ध न होने से परेशान सैकड़ों किसान नगर के चंदला रोड स्थित मंडी रोड पर एकत्रित हुए और सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। चक्का जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों पर खाद नहीं मिल रही है, जबकि बाजार में 275 रुपये में मिलने वाली खाद की कालाबाजारी कर उसे 600 रुपये तक बेचा जा रहा है। किसानों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए तत्काल खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर मौके पर तहसीलदार कपिल शर्मा, नायब तहसीलदार रामकुमार यादव और थाना प्रभारी अजय अम्बे पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उन्हें शीघ्र खाद आपूर्ति सुनिश्चित कराने और शिकायतों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासनिक भरोसे के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
