
इंदौर. सोमवार सुबह मुंबई आगरा फोरलेन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़े दो भारी वाहनों में अचानक आग भड़क उठी. आग की लपटें और काला धुआं इतनी दूर तक फैल गया कि करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा. देखते ही देखते सड़क पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि घटना मानपुर क्षेत्र की है, जहां फोरलेन पर खड़े एक ट्रक में पहले आग लगी और कुछ ही देर में पीछे खड़ा दूसरा ट्रक भी उसकी चपेट में आ गया. आग की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया था. सूचना मिलते ही पुलिसदल मौके पर पहुंचा और राहगीरों व आसपास मौजूद लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई. ट्रक चालक राकेश ने पुलिस को बताया कि वह मुंबई के भिवंडी इलाके से इंदौर के लिए केमिकल से भरे डिब्बे लेकर निकला था. मानपुर में उसने चाय पीने के लिए वाहन खड़ा किया था. कुछ देर बाद ढाबे के एक कर्मचारी ने आकर बताया कि ट्रक में आग लग गई है. बाहर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. चालक के मुताबिक, वह एक दिन पहले ही माल भरकर रवाना हुआ था. मानपुर और महू से पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल करवाया. आग की चपेट में एक के बाद एक दोनों ट्रक आ गए, जिससे नुकसान काफी अधिक हुआ है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
