भोपाल: राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में शूट हुई फिल्म होमबाउंड को 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चयनित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी और इसे प्रदेश की फिल्म पर्यटन नीति की सफलता का प्रतीक बताया।
डॉ. यादव ने कहा कि होमबाउंड का ऑस्कर में चयन न केवल फिल्म जगत के लिए, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए अभूतपूर्व गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी-2025 ने फिल्मांकन को आसान और पारदर्शी बनाया है, जिससे मध्यप्रदेश तेजी से ग्लोबल शूटिंग हब के रूप में उभर रहा है।
फिल्म धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है, जिसमें ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2024 में भोपाल और आसपास के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और शहरी परिवेश में हुई थी।मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के युवा फिल्म निर्माताओं के लिए प्रेरणा बताते हुए विश्वास जताया कि होमबाउंड ऑस्कर में शानदार प्रदर्शन करेगी और मध्यप्रदेश का नाम वैश्विक मंच पर रोशन करेगी।
इधर,सीएम ने आज एक्स पर
अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक,पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर उन्हें नमन कर कहा कि उन्होंने मानवता के उत्कर्ष के लिए अध्यात्म और विज्ञान को एक सूत्र में पिरोते हुए वैचारिक क्रांति की जो मशाल जलाई, वह सदियों तक इस राष्ट्र का पथ आलोकित करती रहेगी।
सीएम ने आरपीएफ के स्थापना दिवस के मौके पर एक्स पर यथोचित सम्मान देते हुए सभी जवानों की सेवा और समर्पण को प्रेरणास्पद कहा है।
