सागर। अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी अधिकारी दीपाली रस्तोगी की अध्यक्षता में सागर संभाग की विकास समीक्षा बैठक आयोजित हुई. उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों को अतिक्रमण मुक्त कर उनकी मरम्मत कराई जाए तथा मुक्तिधामों तक सड़कों का निर्माण किया जाए. खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जेरा, बेबस और चौनपुरा सिंचाई परियोजनाओं के कार्य तेजी से पूरे हों और किसानों को लाभ मिले. उन्होंने अधूरी नल-जल योजनाओं को ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों को पुनः न देने के निर्देश दिए. बैठक में हटा विधायक उमा देवी खटीक ने अधिकारियों की उपस्थिति और अस्पताल में महिला डॉक्टर व स्टाफ की मांग रखी. महाराजपुर विधायक कामख्या प्रताप सिंह ने हरपालपुर में जल संवर्धन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने और किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने की बात कही. वहीं, टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह ने 84 वर्षों से बंदोबस्त न होने की समस्या उठाई.
नहरों को अतिक्रमण मुक्त कर मरम्मत कराएं
