इंदौर: मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने वर्दी की गरिमा बनाए रखने को लेकर सख्त रुख अपनाया है. रीवा ज़ोन की एक महिला पुलिसकर्मी द्वारा ड्यूटी के दौरान वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की घटना के बाद अब डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी पुलिसकर्मियों को चेताया है कि ड्यूटी के दौरान या वर्दी में किसी भी प्रकार की रील या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें.
पुलिस मुख्यालय से सभी ज़ोन, रेंज और जिलों को स्पष्ट निर्देश भेजे गए हैं. इसके तहत सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि वे अपने अधीनस्थों को यह निर्देश रोल कॉल के दौरान पढ़कर सुनाएं और इसका पालन सुनिश्चित करें. डीजीपी ने आदेश में कहा है कि विभागीय गरिमा और अनुशासन को बनाए रखना प्राथमिक दायित्व है, वर्दी में बनाई गई वीडियो और रील्स पुलिस की छवि को प्रभावित कर सकती हैं.
ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. यह आदेश उन हालातों के बीच आया है जब देशभर में कई पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए वर्दी में डांस, डायलॉगबाजी या ट्रेंडिंग ऑडियो पर वीडियो बनाते देखे जा रहे हैं. अब प्रदेश पुलिस को ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
