शेयर बाजारों में लौटी तेजी, निफ्टी-50 फिर 24,500 से ऊपर

मुंबई, 11 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनोल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की 15 अगस्त को प्रस्तावित बैठक की खबरों से सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी और प्रमुख सूचकांक लगभग एक प्रतिशत चढ़ गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 746.29 अंक (0.93 प्रतिशत) की तेजी के साथ 80,604.08 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 0.91 प्रतिशत मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर 221.75 अंक चढ़कर 24,585.05 अंक पर बंद हुआ। दोनों सूचकांक पिछले सप्ताह शुक्रवार को तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुये थे।
श्री ट्रंप और श्री पुतिन के बीच बैठक पर सहमति बन गयी है। अमेरिका के अलास्का में 15 अगस्त को होने वाली इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान निकलने की संभावना है।
इस खबर से दूसरे एशियाई शेयर बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजारों में भी लिवाली रही। सेंसेक्स आज करीब 28 अंक की मामूली बढ़त के साथ खुला, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ता गया। इसका दिवस का निचला स्तर 79,772.46 अंक और उच्चतम स्तर 80,636.05 अंक रहा। अंत में यह 80,604.08 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी-50 सूचकांक लगभग आठ अंक की बढ़त के साथ 24,371.50 अंक पर खुला। इसका निचला स्तर 24,347.45 अंक और ऊपरी स्तर 24,600.85 अंक तक गया। अंत में 24,585.05 अंक पर रहा।
टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों को छोड़कर अन्य समूहों में तेजी रही। रियलिटी, ऑटो, एफएमसीजी और बैंकिंग समूहों में खूब लिवाली हुई। एनएसई का 100 शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक 0.96 प्रतिशत की बढ़त देखी गयी। मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने कम भरोसा दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.87 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.36 प्रतिशत चढ़ गया।
विदेशों में एशिया का निक्केई 1.85 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 0.19 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.34 फीसदी की बढ़त में बंद हुये। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिलाजुला रुख रहा। जर्मनी का डैक्स 0.13 प्रतिशत की गिरावट और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था।

Next Post

स्कोडा ने कायलाक, कुशाक और स्लेविया का सीमित संस्करण पेश किया

Mon Aug 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) स्कोडा ऑटो इंडिया ने सोमवार को अपनी 25वीं वर्षगाँठ पर भारत में सबसे ज्यादा बिक्री वाले तीन मॉडलों के सीमित संस्करण पेश करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि सीमित संस्करण में कुशाक, स्लेविया और कायलाक मॉडलों को और ज्यादा बेहतर डिजाइन तथा […]

You May Like