नयी दिल्ली, 03 नवंबर (वार्ता) होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) ने अपनी आगामी ऑल न्यू इलेक्ट्रिक एसयूवी को ‘होंडा अल्फा’ नाम देने की घोषणा की है।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि ग्रीक वर्णमाला के पहले अक्षर से प्रेरित ‘होंडा अल्फा’ नाम को ग्राहकों के जीवन में एक नई शुरुआत के प्रतीक के रूप में चुना गया है। यह आगामी मॉडल कंपनी की पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी, जिसे अगले माह दो दिसंबर को बाजार में पेश किया जाएगा।
होंडा कार्स इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तोशियुकी यानागिसावा ने कहा, “हमें अपनी आगामी इलेक्ट्रिक एसयूवी के आधिकारिक नाम के रूप में होंडा अल्फा की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। होंडा अल्फा भारत में अपने ग्राहकों तक एडवांस्ड इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पहुंचाने की हमारी महत्वाकांक्षा को दर्शाती है। साथ ही, यह वह गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ड्राइविंग का आनंद भी देगी, जिसके लिए होंडा जानी जाती है।”
उन्होंने बताया कि भविष्य में भारत इस मॉडल के वैश्विक उत्पादन का बेस होगा। यह होंडा के इलेक्ट्रिफिकेशन के सफर में एक अहम कदम है और भारतीय बाजार के प्रति कंपनी की मज़बूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
होंडा अल्फा की घोषणा के साथ ही होंडा कार्स इंडिया के आधिकारिक संवाद में पहली बार उस नए एच मार्क का इस्तेमाल किया गया है, जिसे होंडा के ऑटोमोबाइल बिज़नेस के लिए दुनिया भर में अपनाया गया है।
होंडा ऑटोमोबाइल्स के प्रतीक के रूप में 1963 में पहली बार अपनाए जाने के बाद से एच मार्क का इस्तेमाल हमेशा होंडा के ऑटोमोबाइल प्रोडक्ट्स और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होता रहा है। इन वर्षों में इसके डिजाइन में कई बदलाव भी किए गए हैं। होंडा अल्फा भारत में नया एच मार्क अपनाने वाला होंडा का पहला मॉडल होगा।
अजीत जितेन्द्र

