
इंदौर. इंदौर से हवाई सफर करने वालों के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है. मार्च के अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से नासिक और उदयपुर की सीधी उड़ानों को पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है. कंपनी ने दोनों रूट की बुकिंग भी अपनी वेबसाइट से हटा दी है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ना तय है.
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन द्वारा जारी 29 मार्च से लागू होने वाले प्रस्तावित समर शेड्यूल में इंदौर से नासिक और उदयपुर के लिए किसी भी उड़ान का उल्लेख नहीं किया है. इंडिगो ने 27 मार्च के बाद उदयपुर और 28 मार्च के बाद नासिक के लिए टिकटों की बुकिंग पूरी तरह बंद कर दी है. इन दोनों रूट के बंद होने से धार्मिक यात्रियों और पर्यटकों को बड़ा झटका लगेगा. इंडिगो पहले ही इंदौर-शिर्डी सीधी फ्लाइट बंद कर चुका है. अब तक श्रद्धालु नासिक उतरकर सड़क मार्ग से शिर्डी पहुंचते थे, लेकिन नासिक की उड़ान बंद होने से यह विकल्प भी खत्म हो जाएगा. वहीं उदयपुर, राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र है. सीधी हवाई सेवा बंद होने से अब पर्यटकों को लंबा सड़क या रेल सफर करना मजबूरी होगा.
बाक्स…
लगातार कमजोर होती जा रही इंदौर से उड़ानों की कनेक्टिविटी
इंदौर से उड़ानों की कनेक्टिविटी पहले भी लगातार कमजोर होती जा रही है. बीते कुछ समय में कई शहरों से सीधी उड़ानें बंद हो चुकी हैं. इनमें जोधपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सूरत, राजकोट, वडोदरा, बिलासपुर, अमृतसर, किशनगढ़ और बेलगाम शामिल हैं. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार वर्तमान उड़ान शेड्यूल पर असर इसलिए भी पड़ा है क्योंकि रनवे मरम्मत के चलते इंदौर एयरपोर्ट रात 10.30 बजे से सुबह 6.30 बजे तक बंद रहता है. इंदौर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि रनवे का काम मार्च के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद अप्रैल से एयरपोर्ट 24 घंटे संचालन में आ जाएगा. इससे नई उड़ानों के शुरू होने और यात्री संख्या में बड़े इजाफे की उम्मीद है.
पुराने टर्मिनल को फिर से शुरू करने की भी तैयारी
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमूल कटारिया के अनुसार फरवरी और मार्च की शुरुआत में परीक्षा सत्र के कारण यात्रियों की संख्या स्थिर रह सकती है, लेकिन मार्च के मध्य और अप्रैल में छुट्टियां शुरू होते ही यात्री ट्रैफिक पांच लाख के पार जा सकता है. समर वेकेशन के लिए बुकिंग अभी से तेज हो चुकी है. एयरपोर्ट प्रबंधन नए साल में पुराने टर्मिनल को फिर से शुरू करने की भी तैयारी कर रहा है, जहां से एटीआर विमानों का संचालन होगा. इससे मुख्य टर्मिनल पर भीड़ कम होगी और चेक-इन व सुरक्षा जांच की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी. लगातार बंद होती उड़ानों के बीच अब उम्मीद की नजरें अप्रैल से शुरू होने वाले 24 घंटे संचालन और संभावित नई फ्लाइट्स पर टिकी हैं.
बॉक्स…
43 लाख से ज्यादा यात्रियों ने की हवाई यात्रा…
आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच इंदौर एयरपोर्ट से 43 लाख 96 हजार 611 यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी. यह एयरपोर्ट के 88 वर्षों के इतिहास में पहली बार था जब यात्री संख्या 40 लाख के पार पहुंची. इसी अवधि में 32 हजार 558 उड़ानों का संचालन हुआ.
