मुंबई, 21 जून (वार्ता) मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और आसपास के कई जिलों के लिए 24 जून तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गयी है।
येलो अलर्ट के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग शामिल हैं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा बारिश पूर्व मानसून या मानसून के शुरुआती चरण का हिस्सा है। जब वायुमंडलीय परिस्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के अनुकूल हो रही होती हैं, तब छिटपुट बारिश, गरज के साथ बौछारें और कुछ समय के लिए भारी बारिश होना आम है।
मौसम विभाग के हालिया अनुमानों में कहा गया है कि बड़े पैमाने पर प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मानसून की प्रगति में देरी हुई है, लेकिन जैसे-जैसे स्थितियां सुधरेंगी, बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
