एक्सपायरी डेट की मिली खाद्य सामग्री, गौर नदी में बहा रहे थे गंदा पानी

जबलपुर: जिला प्रशासन द्वारा गठित गरुड़ दल ने सोमवार को राँझी तहसील के अंतर्गत ग्राम गुरैया स्थित रैनबसेरा रिसॉर्ट में दाबिश देकर आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिसॉर्ट के किचन में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री रखी पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया है। इसके अलावा रिसॉर्ट से निकलने वाला वॉशरूम और किचन का वेस्टेज पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे गौर नदी में बहाया जा रहा था।

तहसीलदार राँझी मौसमी केवट ने बताया कि रिसॉर्ट में गीला और सूखा कचरा, खाद्य अवशिष्ट निस्तारण की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी तहसीलदार ने कहा कि रिसॉर्ट संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में राजस्व विभाग, पुलिस, खाद्य विभाग, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, नगर निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी शामिल थे।
फ्रिज में रखा था मिलाजुला वेज-नॉनवेज
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के फ्रिज में वेज और नॉन-वेज पदार्थ एक साथ रखे हुए थे। भंडार गृह में आटा और शक्कर सीधे जमीन पर रखे हुए थे। साथ ही किचन के आसपास पान और गुटके की पीक से रंगे हुए स्थान और बर्तन धोने के क्षेत्र भी अस्वच्छ पाए गए। खाद्य सामग्री के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स सामान भी रखे गए थे।
पानी और खाद्य सामग्री के लिए नमूने
लोक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ट्यूबवेल, आरओ फिल्टर और गौर नदी से पानी के नमूने लिए। साथ ही रिसॉर्ट के डीप फ्रीजर में रखी दो दिन पुरानी दाल मखनी के नमूने भी परीक्षण के लिए लिए गए।
सुरक्षा और प्रशासनिक गड़बड़ियां
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि रिसॉर्ट में आरओ मेंटेनेंस प्रमाण पत्र और टंकी क्लीनिंग रजिस्टर उपलब्ध नहीं थे। अग्निशमन यंत्र संधारित नहीं थे और बिजली के तार अव्यवस्थित थे। गैस सिलेंडर और एमसीबी के ढक्कन की कमी के कारण संभावित हादसे का खतरा बना हुआ था। इसके अलावा कर्मचारियों की सूची और वेतन संबंधी दस्तावेज भी संचालक द्वारा प्रस्तुत नहीं किए गए।

Next Post

मटर मंडी में बंपर आवक, रेट में आई गिरावट

Tue Jan 6 , 2026
जबलपुर: कटंगी बायपास स्थित ओरिया मटर मंडी इन दिनों सबसे ज्यादा हलचल में है। नजारा ऐसा है कि आसपास के ग्रामीण और दूरदराज के किसान भी अपनी उपज लेकर मंडी पहुँच रहे हैं। जानकारी के अनुसार मौसम अनुकूल रहने और अच्छी पैदावार के चलते प्रतिदिन लगभग 20 हजार बोरियों की […]

You May Like