
जबलपुर। मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म पीडि़ता नाबालिग ने नवजात शिुश को जन्म दिया तो रेप का मामला उजागर हुआ। मेडिकल ने मामले की सूचना गढ़ा पुलिस को दी। जिसके बाद घटना स्थल मझगवां थाने का होने पर मामले की सूचना मझगवां पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीडि़ता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली हैं।
पुलिस के मुताबिक मझगवां थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय बालिका की मुलाकात सन् 2024 में धनगवां निवासी मोहित लोधी से बाजार में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई जो प्रेम प्रसंग में बदल गई। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। 27 अक्टूबर 24 को दोनों मिले। इसके बाद आरोपी किशोरी को टपरिया में ले गया जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब भी मौका मिलता वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई बदनामी के डर से परिजन और पीडि़ता ने मामले को दबाया। 14 जून को किशोरी को प्रसव पीडा उठी तो परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां किशोरी ने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया। किशोरी नाबालिग होने पर मामले की सूचना मेडिकल ने गढ़ा पुलिस को दी थी।
