
इंदौर. जूनी इंदौर क्षेत्र में पड़ोसी महिला से विवाद और दबंगई के मामले में पुलिस ने बीजेपी नेता समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. अवैध पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट, घर में घुसकर धमकी देने और वीडियो बनाने तक पहुंच गया.
थाना प्रभारी हित यादव ने बताया कि पुलिस ने बीके सिंधी कॉलोनी निवासी देवी ठारवानी की शिकायत पर आरोपी सचिन जेसवानी और नरेंद्र सोनी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. शिकायत के मुताबिक, 25 मार्च को किरायेदार अखिलेश नामदेव मकान खाली कर रहा था, इस दौरान उसकी एक्टिवा सड़क पर खड़ी थी. इसी बात को लेकर सचिन जेसवानी से विवाद हुआ और उसने अखिलेश के साथ मारपीट कर दी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. पीड़िता का आरोप है कि शुक्रवार की शाम दोनों आरोपी उनके घर में घुस आए और जबरन वीडियो बनाते हुए शिकायत न करने का दबाव बनाया. इसके बाद मंगलवार को सचिन फिर घर पहुंचा और थाने चलने को लेकर विवाद करने लगा. मना करने पर उसने दोबारा वीडियो बनाना शुरू कर दिया और शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. मामले में दोनों पक्ष एक दिन पहले थाने भी पहुंचे थे, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई. बाद में बुधवार को तात्कालीन थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया था.
