रीवा रेंज के कुल 48 प्रकरणों में किया गया था जप्त
सतना :रीवा रेंज के सतना, सीधी और सिंगरौली जिले में 48 प्रकरणों में जब्त किए गए 1 क्विंटल 34 किलो गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण गुरुवार को मनकहरी स्थित प्रिज्म जॉनसन सीमेंट लिमिटेड फैक्ट्री परिसर में किया गया.प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन साकेत प्रकाश पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा रेंज अंतर्गत आने वाले सतना जिले के 4, सीधी जिले के 26 और सिंगरौली जिले के 18 प्रकरणों में पुलिस द्वारा कुल 1 क्विंटल 34 किलो गांजा जब्त किया गया था. इसके साथ ही पुलिस द्वारा 4 नग गांजे के पेड़ और 2.5 ग्राम स्मैक को भी जब्त किया गया था.
पुलिस की कार्रवाई में जो भी मादक पदार्थ जब्त किए जाते हैं उनके विनिष्टीकरण की निर्धारित प्रक्रिया है. इस प्रक्रिया के अंतर्गत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नई दिल्ली भारत सरकार द्वारा जारी स्टैंडिंग आदेश एवं वित्त मंत्रालय राजस्व विभाग द्वारा जारी रुल्स एण्ड नोटिफिकेशन 10 मई 2007 के अंतर्गत धारा 4.1 के अनुसार और नारकोटिक्स विंग पुलिस मुख्यालय के आदेश दिनांक 3-07-2010 के द्वारा मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई.
इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक की अध्यक्षता में गठित ड्रग विनिष्टीकरण समिति की निगरानी में गुरुवार को सतना जिले के मनकहरी में स्थित प्रिज्म जॉनसन सीमेंट लिमिटेड फैक्ट्री परिसर में गुरुवार को यह कार्रवाई की गई. गांजा विनिष्टीकरण के दौरान प्रभारी आईजी साकेत पाण्डेय के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम और फैट्री के वरिष्ठ अधिकारी भी निगरानी के लिए वहां उपस्थित रहे.
