नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी इस्पात उत्पादक और महारत्न कंपनी भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) ने मिजोरम में 51 किलोमीटर लंबी बरबई-सायरंग रेलवे परियोजना के लिए लगभग 15,000 टन उच्च-गुणवत्ता वाले इस्पात उत्पादों की आपूर्ति की है।
सेल ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि उसने इस परियोजना के लिए अपने भिलाई इस्पात संयंत्र से लगभग 10,000 टन उच्च-श्रेणी के आर-260 प्राइम रेल की आपूर्ति की है। इसके अतिरिक्त बोकारो, राउरकेला, भिलाई, दुर्गापुर और बर्नपुर इस्पात संयंत्रों से प्लेट, टीएमटी और स्ट्रक्चरल स्टील सहित लगभग 5,000 टन अन्य आवश्यक इस्पात उत्पादों की आपूर्ति की गयी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 सितंबर को बरबई-सायरंग परियोजना का उद्घाटन किया था। यह देश में अंतर-क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह व्यापक आपूर्ति राष्ट्र-निर्माण में सेल की विश्वसनीय भागीदारी को रेखांकित करती है, जो महत्वपूर्ण अवसंरचना के लिए आवश्यक मजबूती और गुणवत्ता प्रदान करती है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सेल बुनियादी ढांचे, रेलवे, बिजली, जलविद्युत परियोजनाओं और सीमा संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए इस्पात की आपूर्ति करके पूर्वोत्तर भारत के विकास में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बरबई-सायरंग रेलवे परियोजना में कंपनी का योगदान, देश की ऐतिहासिक बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं को, जिनमें चिनाब रेलवे पुल, जिरीबाम-तुपुल-इम्फाल ब्रॉड गेज परियोजना, अटल सुरंग, बांद्रा-वर्ली सी लिंक, और ढोला सादिया एवं बोगीबील पुल आदि शामिल हैं, सशक्त बनाने में सेल की स्थायी विरासत को और सुदृढ़ करता है।

