भोपाल:राजा भोज एयरपोर्ट अब देश के सबसे संतुष्ट यात्रियों वाले एयरपोर्ट की सूची में पहले नहीं, बल्कि तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के राष्ट्रीय कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे में भोपाल को इस बार 5 में से 4.96 अंक मिले, जबकि पिछले दो सर्वे में यह लगातार नंबर-1 पर था।इस बार खजुराहो और औरंगाबाद एयरपोर्ट को 4.98 अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है। वहीं ग्वालियर चौथे और जबलपुर सातवें स्थान पर रहे।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले तीन वर्षों में भोपाल एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा स्कैनर, नया अराइवल एरिया, आई हेल्प यू काउंटर और कैटेगरी-2 ILS सिस्टम जैसी कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इसके बावजूद रैंक गिरने पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी हैरानी जताई है।
हालांकि, यात्रियों ने सुरक्षा और कनेक्टिविटी को पूरे 5 में से 5 अंक दिए, लेकिन सिक्योरिटी जांच के दौरान प्रतीक्षा समय ने भोपाल की रैंकिंग पर असर डाल दिया। अब सवाल यही है… बेहतर सुविधाओं के बावजूद भोपाल नंबर-1 क्यों नहीं रह पाया?
