
मंडला ।पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और एसडीओपी नैनपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बम्हनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मास्टर चाबी से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 1.85 लाख रुपये मूल्य की चार बाइक बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर आरोपियों दुर्गेश कुमार डेहरिया (22) निवासी छछारी चौकी टाटरी और निलेश उर्फ भोलू यादव (19) निवासी बड़ी खैरी को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने रात के समय गलियों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने हीरो एचएफ डीलक्स (MP-20-NP-6765, MP-20-NM-8531), हीरो स्प्लेंडर प्लस (MP-51-MC-4082) और हीरो मोटरसाइकिल (MP-51-ME-1036) जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मानिक पटले, एएसआई झनकार सिंह, आरक्षक शिवराम बघेल, उमराव, महिला आरक्षक जयश्री और चालक नवीन की भूमिका सराहनीय रही।
