सतना : खतरनाक स्थानों पर जाकर रील बनाने के दौरान जान गंवाने की आए दिन सामने आ रही घटनाओं के बावजूद भी युवा पीढ़ी इससे सबक लेने को तैयार नहीं है. कुछ ऐसी ही घटना रविवार की शाम सतना रेलवे यार्ड में सामने आई जब मालगाड़ी के डिब्बे की छत पर चढक़र रील बनाने के दौरान ओएचई वायर के संपर्क में आने के कारण बालक गंभीर तौर पर झुलस गया. बालक का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की शाम कुछ नाबालिग बालकों का समूह आरआरआई भवन के बगल में रेलवे यार्ड क्षेत्र में पहुंच गया. वहां पहुंचने के बाद बालकों ने कभी रेलवे लाइन तो कभी स्लीपर पर चलते हुए अलग अलग अंदाज में रील बनानी शुरु कर दी. लेकिन जब इससे भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने यार्ड में खड़ी मालगाड़ी की ओर रुख किया. कुछ देर तक मालगाड़ी के बगल में रील बनाने के बाद बालक छत पर चढऩे लगे.
कड़ी मशक्कत करते हुए वे किसी तरह मालगाड़ी की छत पर पहुंच गए और वहां पर रील बनाने लगे. लेकिन इसी दौरान एक 16 वर्षीय बालक का ध्यान सर के ऊपर से गुजर ही ओएचई लाइन से हट गया. ओएचई वायर के संपर्क में आते ही उसे 25 केवी का जोरदार झटका लगा. जबरदस्त करेंट लगने के कारण बालक न सिर्फ झुलस गया बल्कि झटका खाकर मालगाड़ी से नीचे गिर गया.
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल का स्टॉफ मौके पर पहुंच गया. आनन-फानन में बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां पर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए फौरन भर्ती कर उपचार शुरु कर दिया गया. गौरतलब है कि रेलवे यार्ड के इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है. लेकिन इसके बावजूद भी खतरनाक तरीके से रील बनाने का जुनून के चलते आए दिन शहर के कुछ युवा अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं
