सतना : जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में दो अलग अलग स्थानों पर दो व्यक्ति फंदे पर लटके पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. प्रथम दृष्ट्या दोनों ही मामले आत्महत्या के नजर आ रहे हैं. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहनियागुदार गांव के निवासी जग प्रसाद पिता रजुआ उम्र 30 वर्ष का शव मझगवां थाना क्षेत्र के कठौता गांव में फंदे पर लटका पाया गया.
जग प्रसाद का शव मड़ई में फंदे पर लटका देख लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरु की गई जांच में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है. बताया गया कि जग प्रसाद कठुआ स्थित अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे. लेकिन रिश्तेदारी में आने के बाद अचानक ऐसा क्या हुआ कि उन्हें फंदे पर लटकने के लिए मजबूर होना पड़ गया. इस संबंध में पुलिस द्वारा परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.
कमरे में लटका मिला शव
फंदे पर शव मिलने की दूसरी घटना मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाधिराज मंदिर के निकट सामने आई. मंदिर के निकट किराए के कमरे में रहने वाले सतेंद्र सिंह पिता कीरतराज सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी अर्जुनपुर बरौंधा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना के पीछे के कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है.
