भिंड: जिले के रौन थाना क्षेत्र के जैतपुरा मढ़ी गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार 57 वर्षीय उदयवीर राजावत घर पर शराब पी रहा था। इसी दौरान भाई जगवीर सिंह घर पहुंचा और उन्हें रोका। इस पर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में उदयवीर ने चाकू से छोटे भाई जगवीर पर हमला कर दिया और उसके सीने और पेट में दो वार किए।
जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हत्या करने के बाद उदयवीर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।पुलिस जांच में सामने आया कि परिजन वारदात की सूचना छिपाना चाहते थे, लेकिन पुलिस को भनक लगते ही शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक जगवीर की पत्नी कैंसर से पीड़ित है और बच्चे दिल्ली में रहते हैं। घर में कुल चार भाई हैं। वारदात के समय महिलाएं घर में मौजूद थीं, लेकिन घटना के बाद चुपचाप अलग हो गईं। आशंका है कि आरोपी की पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
