
नीमच। नीमच सिटी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को अपराध विवेचना के दौरान आमरोड दरक वेयर हाउस के सामने यूनिक वेल्डिंग वर्क्स की बंद गुमटी के आगे गिरदौड़ा क्षेत्र में एक महिला पर संदेह हुआ। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर पंचों की मौजूदगी में 11.700 किलोग्राम अफीम जब्त कर महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला की पहचान ममता उर्फ बंटी पति मुकेश, उम्र 40 वर्ष, निवासी बोरखेड़ी पानड़ी के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया दूसरा नाम
पुलिस ने मामले में अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में शान्तिलाल पिता नारूलाल मीणा, निवासी रावण रूंडी, नीमच सिटी का नाम सामने आने की बात कही है। उसके खिलाफ धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सहआरोपी बनाया गया है और उसकी तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तार महिला के खिलाफ थाना नीमच सिटी में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
किसके इशारे पर पहुंची थी इतनी बड़ी खेप?
11 किलो से ज्यादा अफीम की बरामदगी के बाद अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री और डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में थाना नीमच सिटी टीम ने की।
