
भोपाल।मिसरोद थाना इलाके में एक युवती का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में बरामद हुआ. मृतका के परिजनों ने शव की शिनाख्त की है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस जानकारी के अनुसार मृतका की पहचना 27 वर्षीय पायल वामनिया निवासी मिसरोद के रूप में की गई है. पुलिस को प्राथमिक जांच में यह मालूम हुआ है कि युवती के परिजन उसकी शादी तय कर चुके थे. जिसको लेकर वह इन दिनों चिंतित थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि जिस परिवार में पायल की शादी तय की गई थी. वह लोग आगे की रिति-रिवाज को निभाने के लिए भोपाल आने वाले थे. पायल ने अपने परिजनों से शादी करने को लेकर मना भी किया था. पायल के परिजनों को नहीं मालूम था कि उसके दिमाग में क्या चल रहा है. पायल मंडीदीप स्थित एक फैक्ट्री में काम भी करती थी. शनिवार को देर शाम रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने की जानकारी स्टेशन मास्टर ने स्थानीय पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. देर रात को युवती जब अपने घर नहीं पहुंची तो परिजन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे. जहां उन्होंने युवती के शव की शिनाख्त की. पुलिस को मृतका के पास से किसी तरह का सुसाइड़ नोट भी बरामद नहीं हुआ है.
