
रायसेन। रायसेन जिले की सामान्य वन मंडल की टीम ने चौसिंगा (चीतल) वन्यजीव के शिकार के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो सहोदर भाई शामिल हैं।
टीम ने आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर बंदूक, खाली खोखे, शिकार किया गया मांस, टॉर्च सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
रायसेन संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शुक्रवार देर रात जंगल क्षेत्र में अवैध शिकार की वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम शाद अहमद निवासी जैन मंदिर के पास, आदिल खान एवं अमान खान निवासी तहसील मोहल्ला तथा राशिद खान निवासी शरीफ कॉलोनी रायसेन हैं। आदिल और अमान सहोदर भाई हैं।
कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवेश पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में डिप्टी रेंजर प्रभात यादव, संजय मौर्य सहित अन्य वन विभाग का स्टाफ शामिल रहा।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
