इंदौर: शहर में पुलिस की सख्त निगरानी के बीच लसूड़िया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. देवास नाका पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 अवैध देसी पिस्टल और 15 मैग्जीन जब्त कीं. आरोपी पहले भी हथियार तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और इस बार वह खरगोन से हथियार लाकर भिंड डिलीवरी करने जा रहा था.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि 11 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि धार निवासी एक युवक बस पकड़ने के लिए देवास नाका पहुंचेगा और उसके पास बड़ी मात्रा में अवैध हथियार होंगे. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी 25 वर्षीय लखन सिंह ठाकुर निवासी ग्राम धानी, थाना धामनोद, जिला धार को दबोच लिया. तलाशी में उसके पास से 9 पिस्टल, 15 खाली मैग्जीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. आरोपी के खिलाफ थाना लसूड़िया में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है, पुलिस ने रिमांड लेकर हथियारों के स्त्रोत और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह के निर्देश पर की गई. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह के आदेश और एसीपी आदित्य पटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी के नेतृत्व में बनी टीम ने दबिश दी. पूरे ऑपरेशन में उपनिरीक्षक संजय बिश्नोई, प्रधान आरक्षक रविन्द्र सिंह कुशवाह, अजय प्रजापति, प्रणीत भदौरिया, आरक्षक आकाश, रामकुमार, आनंद, दिनेश और हेमराज की सराहनीय भूमिका रही
