ठेकेदार पर निगम की गाज, दो साल तक सभी निविदाओं से प्रतिबंधित

कटनी। शहर की मूलभूत सुविधाओं को ठेकेदारों की लापरवाही से प्रभावित करने के मामलों पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त नीलेश दुबे ने ‘अ’ श्रेणी के विद्युत ठेकेदार विजया कंस्ट्रक्शन की निविदा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। साथ ही ठेकेदार द्वारा जमा की गई परफॉर्मेंस गारंटी और अतिरिक्त परफॉर्मेंस गारंटी राशि को राजसात कर लिया गया है। इसके अलावा निगम की आगामी सभी निविदाओं में भाग लेने से ठेकेदार को दो वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।

 

*स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट में लापरवाही*

यह मामला कटाए घाट मोड़ स्थित श्री हनुमान मंदिर से कटाए घाट नदी तक स्ट्रीट लाइट लगाने से जुड़ा है। 26 मई 2022 को जारी निविदा के अनुसार इस परियोजना को 60 दिनों में पूरा करना था। लेकिन ठेकेदार ने न तो समय पर काम शुरू किया और न ही कोई स्पष्ट जवाब दिया। निगम की ओर से कई बार लिखित नोटिस जारी करने के बावजूद कार्य आगे नहीं बढ़ा।

 

बाद में मौखिक निर्देशों के बाद आंशिक रूप से काम शुरू हुआ, किंतु लगभग 20 प्रतिशत प्रगति के बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। हाल ही में निगम ने 15 दिनों में कार्य पूरा करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया, जिसे भी ठेकेदार ने नज़रअंदाज़ कर दिया।

 

*अंधेरे में डूबा इलाका*

इस लापरवाही के चलते शहर का महत्वपूर्ण इलाका लंबे समय से अंधेरे में डूबा रहा। स्थानीय लोगों ने असुरक्षा की स्थिति पर नाराज़गी जताई थी। खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंताएँ लगातार बढ़ रही थीं।

 

*निगमायुक्त का सख्त संदेश*

निगमायुक्त नीलेश दुबे ने कहा, “ठेकेदारों की लापरवाही से शहरवासियों का नुकसान हो रहा है। अनुबंध की शर्तों का पालन न करना अस्वीकार्य है। हम ऐसी हरकतों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाएंगे।”

Next Post

मारपीट करने वाले बीएमओ को हटाकर की जाए जांच 

Sat Sep 13 , 2025
मुलताई। प्रभात पट्टन के सरकारी अस्पताल में बीएमओ डॉ. जितेंद्र अत्रे द्वारा मरीज के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. मनोज हूरमाड़े ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है।जांच टीम शनिवार को मामले की जांच करने […]

You May Like