क्रिकेट के अलावा हमारे दिमाग में कुछ भी नहीं है : कोटक

दुबई, 13 सितम्बर (वार्ता) भारत बनाम पाकिस्तान मुक़ाबले पर हमेशा लोगों को ज्यादा ध्यान रहता है, लेकिन एशिया कप 2025 में इन दोनों देशों के मुकाबले से दो दिन पहले तक फोकस सिर्फ क्रिकेट पर है।

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, “बीसीसीआई और सरकार की अनुमति के बाद ही हम खिलाड़ी और कोच इस मुक़ाबले के लिए तैयार हैं। हम यहां खेलने के लिए आए हैं। यह एक टक्कर का मैच होगा। भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा टक्कर का होता है। तो हम उसी पर फोकस करना चाहेंगे।”

शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र से पहले कोटक से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान के ख़िलाफ मैचों का बहिष्कार करने की बातों के बीच सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान देना मुश्किल होता है? भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्ते तनावपूर्ण हैं, जो हाल के महीनों में और बिगड़े हैं। अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया था।

कोटक ने कहा, “सच कहूं तो मुझे ऐसा नहीं लगता। जब हम खेलने आते हैं, मुझे लगता है कि खिलाड़ी सिर्फ़ क्रिकेट खेलने पर फ़ोकस करते हैं। मुझे नहीं लगता कि उनके दिमाग में क्रिकेट के अलावा कुछ और होता है और हम भी उसी पर फ़ोकस करते हैं।”

दूसरा बड़ा मुद्दा भारत के बल्लेबाजी क्रम का है और सवाल है कि संजू सैमसन 5 या 6 नंबर पर सफल हो पाएंगे या नहीं? कोटक ने साफ कर दिया कि ओपनर्स और नंबर 3 के बारे में साफ सोच है लेकिन बाकी बल्लेबाजी लचीली है और खिलाड़ी उसी हिसाब से तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अगर आप हमारी बैटिंग लाइन-अप देखें तो हर कोई किसी भी नंबर पर जाकर मैच खत्म कर सकता है। हमारे पास चार-पांच आक्रामक खिलाड़ी हैं, जिन्हें प्रमुख कोच या कप्तान, स्थिति के हिसाब से भेजते हैं। लगभग सभी किसी भी नंबर पर बैटिंग के लिए तैयार रहते हैं।

उन्होंने कहा,”तो कुछ भी फ़िक्स नहीं है। सबको अपना रोल पता है। ओपनर्स और नंबर 3 के बारे में हम सोचते हैं, लेकिन उसके बाद जरूरत पड़ी तो सभी खिलाड़ी मानसिक और स्किल के हिसाब से किसी भी नंबर पर बैटिंग के लिए तैयार हैं। और यह अच्छी बात है।”

कोटक ने बताया कि हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे और सैमसन सब जरूरत पड़ने पर पारी खत्म कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “सबको अपना रोल पता है। हमारे पास एक से ज़्यादा फ़िनिशर हैं, स्थिति के हिसाब से हम तय कर सकते हैं।

“क्योंकि अगर आप शिवम को देखें, हार्दिक को देखें, अक्षर को देखें, ये सब जो भी जरूरी हो, वो कर सकते हैं। ये देखकर कि सामने कौन गेंदबाज है, विपक्षी टीम का कौन गेंदबाज बचा है, विकेट कैसा है, हम बल्लेबाजी लाइन अप तय करते रहते हैं। तो यह बहुत अच्छा है कि हमारे पास तीन-चार खिलाड़ी हैं, जो किसी भी नंबर पर जा सकते हैं।”

कोटक ने टीम की वर्कलोड मैनेजमेंट नीति पर भी स्पष्टता दी। उनसे पूछा गया था कि एशिया कप खत्म होने के सिर्फ तीन दिन बाद टेस्ट मैच खेलना है, जहां गिल कप्तान होंगे। क्या इससे उनकी तैयारी पर असर पड़ेगा? भारत, 2 अक्तूबर से वेस्टइंडीज के ख़िलाफ दो टेस्ट खेलेगा।

“मुझे नहीं पता कि आप वर्कलोड मैनेजमेंट के बारे में क्या सोचते हैं। लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट आमतौर पर गेंदबाजों के लिए होता है, खासकर तेज़ गेंदबाज़ों के लिए,” कोटक ने कहा, “अगर आप बल्लेबाज़ों की बात करें, तो जब तक वे मानसिक रूप से ये महसूस न करें कि क्रिकेट ज़्यादा हो गया है, तब तक सोचना नहीं चाहिए। वर्कलोड असल में तेज गेंदबाज़ों के लिए मैनेज किया जाता है। मुझे नहीं लगता बल्लेबाज़ों को वर्कलोड मैनेजमेंट की दिक्कत होती है।”

जब पूछा गया कि क्या अर्शदीप सिंह फिर बाहर बैठ सकते हैं, जैसा पहले मैच में हुआ था, तो कोटक ने कहा कि वह फ़ैसला दुबई की धीमी, टर्निंग पिच को देखकर लिया गया था। जरूरत पड़ी तो फिर ऐसा होगा।

उन्होंने कहा, “”सबको पता है कि कोई एजेंडा नहीं है। कोई निजी पसंद-नापसंद नहीं है। टीम के लिए जो अच्छा होगा, कप्तान और प्रमुख कोच वही करेंगे। इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए। जो खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं, वे भी खेलने वालों की मदद करने की कोशिश करते हैं और टीम को ऐसे ही खेलना चाहिए।”

 

Next Post

फिल साल्ट के विस्फोटक 141 रन, इंग्लैंड की रिकॉर्ड जीत

Sat Sep 13 , 2025
मैनचेस्टर, 13 सितंबर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड का मुकाबला रिकॉर्ड तोड़ने वाले तमाशे में बदल गया, जहां बाउंड्रीज की बरसात हुई, कई यादगार पल टूटे और इतिहास की किताबें पल-पल बदलती रहीं। मेजबान टीम ने शुक्रवार रात 304/2 का स्कोर बनाया, जो पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में […]

You May Like