चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने कोलकाता से कुनमिंग के लिए शुरू की सेवा

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) चीन की विमान सेवा कंपनी चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने कोलकाता और चीन के कुनमिंग के बीच अपनी सेवाएं फिर से शुरू की है।
एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करते हुए 19 अप्रैल को दोनों शहरों के बीच सीधी उड़ान शुरू की गयी।
कोरोना काल में उड़ानों पर रोक के बाद पिछले साल से दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें दोबारा शुरू हुई हैं। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने पिछले साल दिल्ली से शंघाई के लिए सेवा शुरू की थी। कोलकाता और कुनमिंग के बीच उड़ानें सप्ताह में छह दिन उपलब्ध होंगी। कोलकाता हवाई अड्डे पर दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन समारोह शुरू हुआ। इस मौके पर चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के भारत के महाप्रबंधक लियू योंगहोंग और इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट के निदेशक जे.बी. सिंह के साथ, कोलकाता स्थित चीन के वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्य दूत शू वेई और उप महावाणिज्य दूत किन योंग, तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और आव्रजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

एयरलाइंस ने बताया कि इस विस्तार को सुगम बनाने में इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो पिछले दो दशकों से भारत में एयरलाइन के बिक्री और विपणन से लेकर टिकटिंग और सहायता तक सभी वाणिज्यिक और परिचालन कार्यों का प्रबंधन कर रहा है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुनमिंग–कोलकाता मार्ग चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। यह दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। कुनमिंग के माध्यम से यात्रा करने वाले यात्रियों को चीन के प्रमुख शहरों जैसे शंघाई, बीजिंग डैक्सिंग, ग्वांगझोउ, हांगझोउ, यीवू, शियामेन, शेन्ज़ेन, शीआन आदि के लिए सहज पहुंच का लाभ मिलता है। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस भविष्य में मुंबई–शंघाई तथा दूसरे मार्गों पर विस्तार की योजना बना रही है।

Next Post

बैंकिंग शेयरों में लिवाली से चढ़े प्रमुख सूचकांक

Mon Apr 20 , 2026
मुंबई, 20 अप्रैल (वार्ता) बैंकिंग शेयरों में लिवाली से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक मामूली बढ़त में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 26.76 अंक (0.03 प्रतिशत) चढ़कर 78,520.30 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 11.30 अंक यानी […]

You May Like