
मढौरा (बिहार) 27 मई (वार्ता) वेबटेक कॉर्पोरेशन और रियो टिंटो सिम्फ़र ने मंगलवार को अफ्रीेकी देश गिनी के ट्रांसगिनी रेलवे के लिए प्रथम ‘ईएस43एसीआई रेल इंजन’ – लोकोमोटिव का अनावरण किया।
संयंत्र में आयोजित एक समारोह में गिनी, भारत और अमेरिका की सरकारों के प्रतिनिधिमंडल तथा रियो टिंटो सिम्फ़र, भारतीय रेल और वेबटेक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सिमांडौ रेलवे का संचालन करने वाली संयुक्त उद्यम कंपनी ला कॉम्पैनी दे ट्रांसगिनीएन के आकर्षक नीले और फ़िरोज़ी रंगों वाले रेल इंजन का प्रदर्शन किया गया।
यह रेल इंजन सिमफेर की वर्ष 2024 के ऑर्डर का हिस्सा है। इसका उद्देश्य सिमांडौ परियोजना के लिए रेल संचालन को सुचारू बनाना है। सिमांडौ परियोजना गिनी के दक्षिण-पूर्व में स्थित है और अफ्रीका की सबसे बड़ी खनन और बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं में से एक है।
रियो टिंटो के वैश्विक परियोजना प्रमुख चार्ल्स ज़िम्मरमैन ने कहा कि यह रेल इंजन उस रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम है जिसका उद्देश्य सिमांडौ परियोजना को वैश्विक स्तर से जोड़ना है। इससे गिनी की जनता के लिए नये अवसर भी आयेंगे। उन्होंने कहा कि इस रेल इंजन को जल्दी गिनी के लिए रवाना किया जाएगा।
वेबटेक के उपाध्यक्ष (सब-सहारा अफ्रीका) म्पिलो दिलामीनी ने कहा कि इस रेल इंजन को सिमांडौ परियोजना के लिए डिज़ाइन किया और बनाया है। ये इंजन खनिजों के निर्यात में मदद करेंगे, गिनी की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगे और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं देंगे।
