सिलहट, 18 मई (वार्ता) मुशफ़िक़ुर रहीम (137) की शतकीय और लिटन कुमार दास (69) तथा महमुदुल हसन जॉय (52) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर बंगलादेश दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को स्टंप से कुछ देर पहले अपनी दूसरी पारी में 390 रन बनाकर सिमट गई। उसने पहली पारी में मिली 41 रनों की बढ़त के आधार पर पाकिस्तान के सक्षम 437 रनों लक्ष्य रखा है। बंगलादेश ने कल के तीन विकेट पर 110 रनों से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में बंगलादेश का चौथा विकेट कप्तान नजमुल शांतों (15) के रूप में गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये लिटन कुमार दास ने मुशफ़िक़ुर रहीम के साथ पारी को संभाला और रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट लिए 123 रनों की साझेदारी हुई। 62वें ओवर में हसन अली ने लिटन कुमार दास (69) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।
इसके बाद बंगलादेश के बल्लेबाजी पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे संघर्ष करते दिखाई दिये। इस दौरान मुशफिकुर रहीम ने अपना शतक जड़ा। मेहदी हसन मिराज (19), तैजुल इस्लाम (22), तस्कीन अहमद (छह) और शेरिफुल इस्लाम (12) रन बनाकर आउट हुये। साजिद खान ने मुशफिकुर रहीम को आउट कर 390 रन के स्कोर पर बंगलादेश की दूसरी पारी का अंत किया। रहीम ने 233 गेंदों में 12 चौके और एक छक्का लगाते हुए 137 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से खुर्रम शहजाद ने चार विकेट लिये। साजिद खान को तीन विकेट मिले। हसन अली ने दो और मोहम्मद अब्बास ने एक बल्लेबाज को आउट किया। तीसरे दिन खेल समाप्त होने के समय पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में दो ओवर खेले लेकिन एक भी रन नहीं बना सकी। तसकीन अहमद और शोरिफुल इस्लाम क्रीज पर मौजूद थे। पाकिस्तान को यह मैच जीतने के लिए 437 रनों की जरूरत है और उसके पास दो दिन है।

