बैंकिंग शेयरों में लिवाली से चढ़े प्रमुख सूचकांक

मुंबई, 20 अप्रैल (वार्ता) बैंकिंग शेयरों में लिवाली से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक मामूली बढ़त में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 26.76 अंक (0.03 प्रतिशत) चढ़कर 78,520.30 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 11.30 अंक यानी 0.05 प्रतिशत ऊपर 24,364.85 अंक पर पहुंच गया। बाजार में आज काफी-उतार चढ़ाव देखा गया। विशेषकर शुरुआती कारोबार में बढ़त में खुलने के बाद प्रमुख सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस के स्तर के मुकाबले ऊपर-नीचे होते रहे। कोराबार की समाप्ति से पहले भी कुछ देर के लिए सेंसेक्स लाल निशान में गया था, लेकिन अंत में ऊपर बंद हुआ। बीच कारोबार में यह ऊपर 78,942.45 अंक तक और नीचे 78,203.30 अंक तक गया।

प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजारों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.19 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.45 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ। सार्वजनिक बैंकों, मीडिया, ऑटो, तेल एवं गैस और वित्तीय समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। आईटी, धातु, निजी बैंकों, एफएमसीजी, रसायन, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट का शेयर सवा तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक में ढाई फीसदी, एशियन पेंट्स में दो फीसदी और एनटीपीसी तथा बजाज फाइनेंस में एक फीसदी से अधिक की तेजी रही। इंडिगो, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और पावरग्रिड के शेयर भी हरे निशान में रहे।एलएंडटी और बीईएल में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, सनफार्मा और टाइटन के शेयर भी टूट गये।

Next Post

छत्तीसगढ़ बॉयलर हादसे में अनिल अग्रवाल के प्रति समर्थन बढ़ा

Mon Apr 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ बॉयलर हादसे में वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल का नाम प्राथमिकी में शामिल किये जाने पर सवाल उठाते हुए उद्योग जगत से भीतर और बाहर से कुछ और लोगों ने उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया है। जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने […]

You May Like