
शाजापुर। साइबर ठगों द्वारा लोगों को ठगने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे थे.ये ठग कभी खुद को साइबर क्राइम अधिकारी तो कभी प्रशासनिक अधिकारी बताकर मासूम लोगों को पलभर में लाखों की चपत लगा देते थे. ऑनलाईन ठगी के बाद जब पीड़ित अपने बैंक खाते खाली देखते, तब उन्हें ठगी का अहसास होता और वे पुलिस की शरण में पहुंचते.
हालांकि इस बार शाजापुर पुलिस और साइबर सेल की सक्रियता ने साइबर ठगों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. पुलिस ने करीब 28 लाख रुपये की ठगी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित खातों पर होल्ड लगवा दिया, जिससे राशि ठगों तक नहीं पहुंच सकी. न्यायालय के आदेश पर यह राशि अब पीड़ितों को लौटाई जा रही है. साइबर ठगों ने गुलाना एसडीएम सतेंद्र सिंह की फेसबुक आईडी हैक कर भी ठगी की कोशिश की थी, लेकिन शाजापुर पुलिस ने तत्परता से दोनों खातों पर होल्ड लगाकर 75 हजार रुपये की राशि सुरक्षित कर ली. पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में जिले में साइबर जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि लोग ठगों से सतर्क रहें.
