
तेंदूखेड़ा/दमोह. कई दिनों से निजी स्कूलों में कमियों की शिकायतें प्रशासन तक पहुंच रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर तेंदूखेड़ा नगर के 4 निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया।एसडीएम सीजी गोस्वामी और तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास ने दो-दो स्कूलों का अलग-अलग निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल की बिल्डिंग, कमरे, दक्ष शिक्षकों, जल आपूर्ति, वॉशरूम-टॉयलेट, खेल मैदान और वृक्षारोपण की जानकारी ली गई। इसके साथ ही स्कूल में पंजीकृत बच्चों की संख्या, मुख्य स्कूल में बस सुविधा, चालक की जानकारी और बस का परमिट आदि दस्तावेज भी मांगे गए।जांच में अधिकांश स्कूलों में कुछ न कुछ कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को कमियां तत्काल दूर करने की हिदायत दी।निरीक्षण किए गए स्कूलों में आईईएस इंडिया पब्लिक स्कूल और आरुष अकादमी स्कूल मुख्य रूप से शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में 3-4 अन्य निजी स्कूलों का भी निरीक्षण किया जाएगा। उसमें यह भी जांचा जाएगा कि स्कूली ड्रेस, किताबों सहित अन्य सामग्री निजी तौर पर स्कूल द्वारा तो नहीं बेची जा रही। साथ ही खेल मैदान है या नहीं, विषयवार शिक्षक हैं या नहीं और बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सीजी गोस्वामी और तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास के साथ बीईओ जुगल शर्मा, बीआरसी परम लाल अहिरवार भी मौजूद रहे।
