
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने चुनावी अभियान को और तेज कर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने दतिया प्रवास के दौरान विभिन्न जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
प्रवास के दौरान मुकेश नायक ने बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात कर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक के निवास पहुंचकर उनसे भी विस्तृत बातचीत की। हाल के दिनों में उनके राजनीतिक रुख को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।
इस दौरान अवधेश नायक ने भाजपा पर झूठी अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाजपा के लिए काम करने संबंधी दावे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि पिछला विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में पूरी निष्ठा से प्रचार किया था और आज भी पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं।
उन्होंने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार करने का भरोसा दिलाया। वहीं मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और भाजपा अफवाहें फैलाकर मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी।
दतिया प्रवास के दौरान मुकेश नायक ने प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की समृद्धि तथा दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की विजय की कामना भी की।
