कॉलोनी में हो रही थी ड्रेनेज लाइन की खुदाई, धंस गए तीन पुराने मकान

इंदौर: मुराई मोहल्ला में शनिवार देर रात तीन मकान अचानक धंस गए. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जो परिवार इन घरों में रहते हैं, वे बेघर हो गए हैं. रहवासियों का आरोप है कि बस्ती में ड्रेनेज लाइन के लिए लापरवाहीपूर्वक गहरी खुदाई की जा रही थी. इस कारण मकान धंसे हैं. मकान वर्षों पुराने थे.घटना की जानकारी मिलने के बाद एमपीईबी, नगर निगम के अफसर और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. रहवासियों ने बताया कि बस्ती में ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से बेहद लापरवाही बरतते हुए खुदाई की जा रही है.

इस दौरान मकान की नींव को नुकसान पहुंचाया गया. घरों के बाहर बने ओटले भी तोड़े जा रहे हैं. दरअसल, इस दौरान जेसीबी चालक ने एक मकान के पिलर को भी तोड़ दिया था. इस कारण मकान का एक हिस्सा हल्का सा झुक गया. मकान के खतरनाक स्थिति में पहुंचने के बाद शाम से मकान मालिक ने सामान निकालना शुरू कर दिया था. रात को मकान धीरे-धीरे धंसने लगा. उस मकान के आसपास दो मकान और हैं, वे भी उसके वजन के कारण धंसने लगे. ज्ञात हो कि शहर के तोड़ा क्षेत्र में छह माह पहले एक मकान धंस गया था, जिसमें 9 लोग घायल हुए थे और दो लोगों की मौत हो गई थी. एक महिला का पैर काटना पड़ा था।

कांग्रेस और भाजपा नेता हुए आमने-सामने
घटना के बाद कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे. विवाद की स्थिति बनती देख पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया. पार्षद पति सुमित तलरेजा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिल्डिंग के पास कांग्रेस नेता की गुमटी लगी हुई थी, जिसके कारण नाली चोक हो गई थी. पानी के निकास का रास्ता नहीं था, इस वजह से पानी रिसता रहता था और मकान की नींव कमजोर हो गई थी. उन्होंने कहा कि यहां खुले नाले में पाइप डालना था. हम उसे डालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस नेता लाइन डालने नहीं दे रहा था. पीछे लाइन डलने लगी तो कुछ रहवासी आए और कहा कि यहां भी लाइन डालो. जब यहां लाइन डालने पहुंचे तो वहां तीन मकान थे, जहां कोई नहीं रहता था.

चिंटू चौकसे बोले… प्रभावितों को मुआवजा दो
वहीं, मौके पर नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे कांग्रेस नेताओं के साथ पहुंचे और कहा कि तीनों मकानों का धंसना कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि नगर निगम के अफसरों की लापरवाही है. पुरानी बस्ती में तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में खुदाई होनी चाहिए, लेकिन बेतरतीब खुदाई के कारण तीन मध्यमवर्गीय परिवारों के मकान धंस गए. उन्होंने कहा कि नगर निगम को प्रभावित परिवारों को मुआवजा देना चाहिए

Next Post

पहली मंजिल से मुंह के बल गिरी महिला, गंभीर घायल

Mon Feb 16 , 2026
इंदौर:चंदन नगर थानांतर्गत ख्वाजा चौक ग्रीन पार्क कॉलोनी में शनिवार रात 25 वर्षीय महिला पहली मंजिल की बालकनी से नीचे आ गिरी. इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई. महिला को चेहरे और हाथ-पैर में चोटें आईं हैं. घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है.चंदन नगर टीआई तिलक करोले […]

You May Like