
नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के काना की बारद गांव में एक छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार शाम को शौच के लिए नदी किनारे गया छात्र लव बंजारा पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया था। शनिवार सुबह उसका शव जाल में फंसा मिला।
जानकारी के अनुसार, मनासा तहसील की ग्राम पंचायत मालखेड़ा के काना की बारद निवासी लव (पिता इंदर सिंह बंजारा) शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद गांव के पास नदी किनारे शौच करने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में डूब गया।
बालक के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों ने जाल डालकर बच्चे को नदी में खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मौके पर बच्चे की चप्पल मिली थी। शनिवार सुबह बालक का शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया, जो ग्रामीणों द्वारा लगाई गई जाली में फंस गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
