पाकिस्तान ने UNSC में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं, कश्मीर विवादित क्षेत्र है, भारत सैन्य दबाव, मानवाधिकार उल्लंघन और आतंकवाद के आरोपों में संलग्न है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) पाकिस्तान और भारत के बीच जंग का नया मैदान बनता जा रहा है। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत पर गंभीर आरोप लगाए। एक दिन पहले भारत के दूत ने पाकिस्तान को आतंकवाद फैलाने के लिए फटकार लगाई थी। इसके जवाब में पाकिस्तान के UNSC मिशन के काउंसलर और पॉलिटिकल कोऑर्डिनेटर गुल कैसर सरवानी ने कहा कि ‘कश्मीर न कभी भारत का हिस्सा था और न कभी होगा।’
सरवानी ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय रूप से मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है और यह केवल पाकिस्तान का ही नहीं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र का भी दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि भारत ने खुद इस मुद्दे को सुरक्षा परिषद में लाया था और कश्मीर के लोगों को अपना भविष्य तय करने के लिए जनमत संग्रह का अधिकार देने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।
