इंदौर: नगर निगम द्वारा शहर के इंफ्रास्ट्रख्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने झोन क्रमांक 10 के साकेत नगर और तिलक नगर, मनीष पुरी क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण में विधायक महेंद्र हार्डिया एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, राजेश उदावत सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उनके साथ रहे.इस दौरान चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई.
महापौर ने संविद नगर के पास स्थित शासकीय खदान की भूमि का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि यह भूमि निगम स्वामित्व की है तो यहां के लिए विस्तृत विकास योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में इसे क्षेत्र की सुविधाओं के विस्तार के लिए उपयोग किया जा सके. निरीक्षण दल में महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर, राजेश उदावत, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पीएस कुशवाह, अधीक्षण यंत्री नरेश जायसवाल, उपयंत्री पराग अग्रवाल, झोनल अधिकारी सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
2.27 करोड़ की सड़क परियोजना को समय पर पूरा करने पर जोर
इसके बाद निरीक्षण दल श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल से महावीर बाग पानी की टंकी तक बन रही सड़क परियोजना पर पहुंचा. लगभग 2.27 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही यह सड़क 370 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी होगी. महापौर ने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, इसलिए इसे तय समयसीमा में पूरा करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा ठेकेदार को निर्देशित किया कि ट्रैफिक और नागरिक असुविधा को कम करते हुए तेजी से कार्य पूरा किया जाए.
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि निगम की प्राथमिकता शहर के हर क्षेत्र तक सुव्यवस्थित सड़कें, जलप्रदाय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुँचाना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, उनमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए.
निगरानी और संवाद विकास के महत्वपूर्ण तत्व
इसके पश्चात मनीष पुरी से रिंग रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सड़क का शेष कार्य पूर्ण करने के साथ ही सड़क के मध्य पुराने विद्युत पोल को शिफ्टिंग करने के संबंध में निर्देश दिए गए. महापौर ने कहा कि विकास कार्यों की निगरानी और नागरिकों से संवाद, दोनों ही शहर के सतत विकास के महत्वपूर्ण तत्व हैं.
