
सीधी। तापमान के लगातार लुढक़ने से बड़ी गलन भरी ठंड का असर शुरू हो गया है। शहरी क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों में गलन भरी ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था अभी तक शुरु नहीं हो सकी है। लिहाजा सार्वजनिक स्थलों में अलाव की मांग उठी है।
सर्द हवाओं के कारण रात और दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। शुक्रवार रात को भी पारा 8 डिग्री के करीब पहुंच गया था, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बावजूद नगर पालिका ने अभी तक सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण राहगीर और फुटपाथ पर रहने वाले लोग भीषण सर्दी से ठिठुरने को मजबूर हैं। दरअसल जिले के तापमान में अचानक गिरावट आने से ठण्ड का असर तेजी से बढ़ गया है। विगत एक सप्ताह से लगातार पारा लुढक़ने के कारण समूचा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। दिन में धू खिलने से ठण्ड का असर कम रहता है लेकिन सूर्यास्त के बाद गलन भरी ठण्ड बढऩे लगती है। रात 8 बजे के बाद से कड़ाके की गलन शुरू हो जाने के कारण सडक़ें भी सूनी होने लगती हैं। गलन भरी ठण्ड का असर यह है कि शहरी क्षेत्र में जहां रात 10 बजे तक चहल-पहल बनी रहती थी वह अब रात 8 बजे के बाद कम होने लगती है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में नगर पालिका द्वारा अभी तक अलाव की व्यवस्था ना करने से सबसे ज्यादा परेशान राहगीर, फुटपाथी कारोबारी हो रहे हैं। बस स्टैण्ड जैसे क्षेत्र में रात के समय बस के इंतजार में यात्री ठिठुरते हुये बैठने को मजबूर हैं। चर्चा के दौरान सोनांचल बस स्टैण्ड के कुछ यात्रियों का कहना था कि रात्रिकालीन बसें यहीं से मिलती हैं।
प्रशासन को जल्द बनानी चाहिये अलाव की व्यवस्था: पूनम
नगर पालिका परिषद सीधी वार्ड-19 की पार्षद श्रीमती पूनम सोनी का कहना है कि सर्द हवाओं के कारण रात और दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। विगत दिनों रात में पारा 9 डिग्री से नीचे पहुंच गया था, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बावजूद नगर पालिका ने अभी तक सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की है। इस कारण राहगीर और फुटपाथ पर रहने वाले लोग भीषण सर्दी से ठिठुरने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन को जल्द अलाव की व्यवस्था बनानी चाहिए।
गत 6 दिनों का तापतान
दिनांक अधिक तम न्यूनतम
2 दिस. 26 13
3 दिस. 26 13
4 दिस. 25 14
5 दिस. 25 10
6 दिस. 25 09
7 दिस. 23 10
तापमान डिग्री सेल्सियस में
इनका कहना है
नगर पालिका क्षेत्र में अलाव हेतु संबंधित शाखा द्वारा जानकारी दी गई है कि अलाव के लिए जलाऊ लकड़ी क्रय करने हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा निकाली गई निविदा में समान दर आने के कारण पुन: निविदा कराई जाएगी। जहां तक तत्कालिक रुप से वैकल्पिक व्यवस्था की बात है तो मैं कुछ समय के ही प्रभार में हूं। इसलिए इसका निर्णय सोमवार तक के अवकाश में मुख्य सीएमओ ही द्वारा लिया जायेगा।
राम अवतार पटेल, प्रभारी सीएमओ, नगर पालिका परिषद सीधी
