भोपाल: क्राइम ब्रांच पुलिस की 60 सदस्यीय टीम का मिडनाइट चेकिंग अभियान चला. इस दौरान 2 दर्जन बदमाशों के घरों पर एक साथ पुलिस ने दबिश दी. पुलिस ने अशोका गार्डन क्षेत्र के एक ही मोल्ले के 24 बदमाशो की एक साथ सर्चिंग की. इस मौके पर पुलिस ने बदमाश जुबेर खान (24) निवासी जहांगीराबाद के पास छुरी. आरोपी सोहेल खान (25) निवासी ऐशबाग के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया.
क्राइम ब्रांच के इस अभियान में लगभग 60 अधिकारियों औऱ कर्मचारियों की 4 टीमों ने करीब 2 दर्जन अपराधियों के घरों पर एक साथ दबिश देकर सघन तलाशी ली. कार्यवाही में चाकूबाज, फायरिंग, लूट एवं आदतन अपराधियों को चिन्हित कर पूछताछ एवं डोजियर कार्रवाई की गई. घर पर नहीं मिले बदमाशों एवं जिला बदर अपराधियों का वीडियो कॉल के माध्यम से सत्यापन किया गया. अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं पुलिस को मिली, जिन पर आगे कार्रवाई जारी रहेगी.
क्राइम ब्रांच पुलिस के मुताबिक शहर में अपराधियों, आदतन बदमाशों और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए सूचनाओं के आधार पर विशेष धरपकड़ एवं सर्चिंग अभियान चलाया गया. अभियान के तहत अशोका गार्डन में देर रात्रि दबिश दी गई. सूचना मिली थी कि कई अपराधी दिन में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए घरों से बाहर रहते हैं और देर रात घर वापस लौटते हैं. पुलिस गतिविधियों की भनक लगते ही अन्य बदमाश भी फरार हो जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए क्राइम ब्रांच ने एक ही समय पर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी, जिससे अधिकांश बदमाश अपने घरों पर मिले.
उनसे सघन पूछताछ कर आपराधिक गतिविधियों एवं आपसी नेटवर्क की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई, जो बदमाश घर पर नहीं मिले, उनके संबंध में सत्यापन किया गया. कुछ व्यक्तियों द्वारा रात्रि में ऑटो एवं टैक्सी संचालन की जानकारी देने पर वीडियो कॉल के माध्यम से सत्यापन कराया गया. वहीं जिला बदर अपराधियों के संबंध में भी विशेष जांच की गई और घर से बाहर पाए जाने पर आरोपियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बाहर होने की पुष्टि की गई
