प्रचंड गर्मी का दौर मध्यप्रदेश में जारी, ग्यारह शहरों पर पारा 45 डिग्री के पार

भोपाल, 26 मई (वार्ता) प्रचंड गर्मी और लू का प्रभाव मध्यप्रदेश में आज भी जारी रहा। इस बीच प्रदेश के ग्यारह शहर ऐसे रहे जहां दिन का पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। राजधानी भोपाल में कल की तुलना में पारा में लगभग दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ, यहां दिन का पारा 45़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले चौबीस घंटों के दौरान पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहा। इस दौरान अनेक स्थानों पर लू चलने से प्रचंड गर्मी रही, जिससे आमजीवन प्रभावित हो गया। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के ग्यारह शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सागर और गुना प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां दिन का पारा 46़ 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा खजुराहो में 46 डिग्री, ग्वालियर में 45़ 6 डिग्री, खंडवा में 45़ 1 डिग्री, दमोह में 45़ 2 डिग्री, टीकमगढ़ में 45़ 5 डिग्री, खरगोन में 45 डिग्री, शिवपुरी में 45 डिग्री, नौगांव में 45 डिग्री तथा भोपाल में 45़ 4 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

उधर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश में जारी लू और भीषण गर्मी के प्रकोप के दृष्टिगत प्रदेशवासियों से लू से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अफगानिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोम सक्रिय है तथा उत्तर प्रदेश में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके असर से प्रदेश में हल्के बादल छाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक ग्वालियर चंबल के अलावा प्रदेश के छह संभागों में लू का प्रभाव बना रह सकता है। इसके चलते इस बार नौतपा में पूरा प्रदेश जबर्दस्त गर्मी की चपेट में रह सकता है।

राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में आज दिन भर तपिश का दौर बना रहा। भीषण गर्मी के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि शाम होते ही आसमान में आंशिक बादल छा गए जिससे तपिश में हल्की राहत मिली। यहां दिन का तापमान 45़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान रहा। आने वाले कुछ दिनों तक यहां गर्मी का प्रभाव जारी रह सकता है।

Next Post

नदी, कुंआ, तालाब, बावड़ी की सफाई और गहरीकरण होगा

Sun May 26 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email – 5 जून पर्यावरण दिवस से गंगा दशमी तक प्रदेश में जल स्त्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए चलेगा अभियान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया के लिए जारी संदेश में दी जानकारी प्रशासनिक संवाददाता भोपाल, […]

You May Like