
छिंदवाड़ा। थाना माहुलझिर के सामने बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की जांच कर रहे एएसआई नरेश शर्मा की बोलेरो वाहन चढ़ाकर हत्या करने वाले आरोपी आशीष उर्फ लोकजीत को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामला 24 सितंबर 2021 का है, जब आरोपी पेट्रोल पंप से बिना पैसे दिए भागा और पुलिस पीछा करती रही। माहुलझिर थाने के सामने एएसआई नरेश शर्मा वाहन रोकने खड़े थे, तभी आरोपी ने बोलेरो चढ़ा दी। घटना सीसीटीवी में दर्ज हुई थी। अदालत ने धारा 302 के तहत आजीवन कारावास व 25 हजार जुर्माना, धारा 307 में 7 वर्ष की सजा व 5 हजार जुर्माना तथा अन्य धाराओं में मिलाकर कुल 32,500 रुपये का अर्थदंड लगाया। शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता पंकज श्रीवास्तव ने पैरवी की, जबकि विवेचना उप निरीक्षक रविंद्र कुमार पवार ने की।
