पचोर: पचोर नगर में हाईवे पर स्थित अंडर ब्रिज के नीचे जाम की समस्या के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.हर दिन यहां जाम की समस्या बनी रहती है. हर थोड़ी बहुत देर में जाम की स्थिति बनने से आवागमन बुरी तरह बाधित होता है. वाहन चालकों, पैदल राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. मंगलवार की सुबह यहां पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही.
गौरतलब है कि नगर के बीच से होकर निकले हाईवे पर अंडर ब्रिज है. ब्रिज के दोनों और रहवासी क्षेत्र है. ऐसे में काफी आवाजाही अंडर ब्रिज के नीचे से बनी रहती है.
भारी वाहनों का भी आना-जाना
अंडर ब्रिज के नीचे से होकर भारी वाहनों का भी आना-जाना लगा रहता है. जाम के बीच भारी वाहनों की आवाजाही से हालात और भयावह हो जाते है. अंडर ब्रिज से होकर न्यू कॉलोनी, अयोध्यापुरी, इंद्रपुरी सहित अनेक कॉलोनियों एवं कई गांवों तक जाने का रास्ता जाता है. जानकारी के अनुसार सर्विस रोड की कम चौड़ाई के कारण भी व्यस्त यातायात के बीच जाम के हालात निर्मित होते रहते है. जाम की समस्या के साथ ही दुर्घटना का भी डर लगा रहता है.
स्कूलों सहित कई अहम जगह आने-जाने का मार्ग
अंडर ब्रिज से होकर जाने वाला मार्ग कई स्कूलों, कॉलेज एवं अहम स्थानों तक आने-जाने का मुख्य मार्ग है. यहां ब्रिज से होकर चार तरफ रास्ते जाते है. जाम लगने के साथ ही यहां दुर्घटना का डर बना रहता है.
भारी वाहनों से बिगड़ते हालात
अंडर ब्रिज से होकर भारी वाहन भी आते-जाते है. जब कोई भारी वाहन यहां से गुजरते है तो इस दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित होकर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है. मंगलवार सुबह के समय जब भारी वाहन यहां से गुजर रहा था तभी जाम की स्थिति बन गई और देर तक जाम लगने से काफी परेशानी का सामना वाहन चालकों, पैदल राहगीरों को करना पड़ा.
