नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोरी गिरोह के चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इनके पास से मुंबई के ‘लालबागचा राजा’ शोभायात्रा और अन्य विसर्जन स्थलों से चुराए गए 45 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं जिन्हें नेपाल भेजने की तैयारी थी।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। यह गिरोह धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाता था। हाल ही में इसने मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान चोरी की थी।
सूचना मिली कि आरोपी हरिद्वार एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रहे हैं। टीम ने मथुरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर संदिग्धों पर नजर रखी और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर चारों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शकील (49), मोहम्मद शफीक (34), शम्शुल हसन (40) और दिलशाद (36) के रूप में हुई। शकील गिरोह का सरगना है और 13-14 साल से मोबाइल चोरी में सक्रिय है। सभी आरोपी पहले भी जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में जेल जा चुके हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चार सितंबर को मुंबई गए और छह-सात सितंबर को जुहू चौपाटी व लालबागचा राजा में चोरी की। चोरी किए गए फोन नेपाल भेजे जाने थे। बरामद 45 फोनों में से पांच मुंबई के पांच एफआईआर से जुड़े हैं।
अपराध शाखा ने धारा 35.1 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की और मुंबई पुलिस को सूचना दी है। जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों और बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।

