
उज्जैन। मंगलवार सुबह उज्जैन नागदा मार्ग पर भीषण दुर्घटना हो गई। कार में चार दोस्त सवार थे। 2 की मौके पर मौत हो गई तीसरे ने उपचार के दौरान कुछ घंटे बाद दम तोड़ दिया। चौथे घायल की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। चारों सांवरिया जी दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि सुबह 11 बजे के लगभग ग्राम गोयला में टोल टैक्स के आगे कार और आयशर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, आयशर का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से डेमेज हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में चार लोग सवार थे जिन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां सामने आया कि दो की मौत हो चुकी है दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल भेजा गया। जानकारी प्राप्त करने पर मृतकों के नाम देवेंद्र पिता चिंतामण जोशी और कैलाश उर्फ रिंकू पिता बंसीलाल शर्मा निवासी अब्दालपुरा होना सामने आए। घायलों में प्रवेश शर्मा निवासी इंदिरा नगर और सुरेश नवलानी सिंधी कॉलोनी शामिल थे। परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त थे और सांवरिया जी दर्शन करने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद आयशर का चालक मौके से भाग निकला था। दोपहर में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान शाम को खबर सामने आई थी घायलों में शामिल सुरेश नवलानी की भी मौत हो गई है। देर शाम सुरेश की बॉडी निजी अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए चरक अस्पताल लाई गई। पुलिस के अनुसार सुरेश का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराया जाएगा फिलहाल मामले में तीन लोगों की मौत होने पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है आयशर में लहसुन भरी हुई है। जिसके नंबर से चालक की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल कैलाश शर्मा भाजपा से जुड़े हुए थे वहीं सुरेश प्रॉपर्टी का काम करते थे। दुर्घटना में हुई तीन लोगों की मौत के बाद परिवार और रिश्तेदारों में माहौल गमगीन हो गया था पोस्टमार्टम के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे थे।
