सतना :मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर हुए सडक़ हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई. इस घटना में दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. जिनका उपचार जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमरपाटन थााना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सडक़ किनारे एक हाइवा खड़ा था. हाइवा का चालक वाहन से नीचे उतरकर बगल में खड़ा था.
इसी दौरान उक्त मार्ग से गुजर रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक सडक़ किनारे खड़े हाइवा से जा टकराया. धड़ाम की आवाज सुनकर आस पास के लोग सहम गए. स्थानीय लोग जब भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रेलर का केबिन, हाइवा के पिछले हिस्से में लगभग घुस चुका था. आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक और मालिक को बाहर निकालने का प्रयास किया.
लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कटर की मदद ली गई. जिसके चलते कड़ी मशक्कत कर किसी तरह दोनों को बाहर निकाला गया. उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाए जाने पर ट्रेलर चालक को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि मालिक को भर्ती कर उपचार शुरु कर दिया गया. वहीं दुर्घटना के चलते वाहन के बगल में खड़ा हाइवा चालक भी बुरी तरह घायल हो गया. जिसके चलते उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस द्वारा घटना के कारण की विवेचना की जा रही है.
